कानपुर में नजीराबाद थाना क्षेत्र के अशोक नगर में शुक्रवार रात भीड़ लगाने से रोकने पर युवकों ने अशोक नगर चौकी इंचार्ज को पीटा। इसके बाद चौकी पर पथराव कर दिया। मौके पर फोर्स के पहुंचने से पहले ही युवक भाग निकले।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ बवाल, लॉकडाउन व रात कर्फ्यू के उल्लंघन समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। कोरोना संक्रमण के चलते रात नौ से सुबह पांच बजे तक लोगों पर बाहर निकलने पर पाबंदी है।
अशोक नगर में शुक्रवार रात राहुल ने भीड़ इकट्ठा कर रखी थी। नजीराबाद इंस्पेक्टर मनोज कुमार रघुवंशी ने बताया कि चौकी इंचार्ज दरोगा संजय शुक्ला के फटकारने पर राहुल ने साथियों संग गालीगलौज कर उन्हें पीटने लगा।
इस पर वह भागकर चौकी पहुंचे तो सभी ने चौकी पर पथराव किया। इंस्पेक्टर ने बताया आरोपियों की धरपकड़ के लिए करीबियों से पूछताछ की जा रही है। जल्द सभी को जेल भेजा जाएगा।