कानपुर देहात। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने और ओमिक्रॉन संकट के बीच फिर से जेल में बंदियों व कैदियों की परिजनों से मुलाकात अग्रिम आदेश तक रोक दी गई है। चार माह पूर्व कोविड नियमों के साथ मुलाकात की प्रक्रिया शुरू की गई थी। फिलहाल फोन पर बंदी परिजनों से बात कर पाएंगे।
जेल में बंद बंदियों व कैदियों से मुलाकात करने उनके परिजन आते हैं। कोविड संक्रमण बढ़ने पर पिछले वर्ष मुलाकात बंद कर दी गई थी। संक्रमण की दर कम होने पर 16 अगस्त से जेल में परिजनों की मुलाकात कोविड नियमों का पालन कर बंदियों से कराने की छूट दी गई थी।
अब यह मुलाकात फिर से रोक दी गई है। शासन के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक ने इसके आदेश सभी जेल अधीक्षकों को दिए हैं। इसमें कहा है कि कोविड/ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण से बंदियों को बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
माती जेल के अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि जेल में निरुद्ध बंदियों की उनके परिजनों से मुलाकात तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। फिलहाल फोन पर बंदी परिजनों से बात कर पाएंगे।