कानपुर। आईआईटी कानपुर के वार्षिक खेल महोत्सव उद्घोष-2026 के 22वें संस्करण का शुक्रवार को शानदार आगाज हुआ। पहले दिन फुटबॉल के मैदान पर बीआईटी मेसरा ने किट कानपुर को 11-0 से करारी शिकस्त दी। क्रिकेट में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी और एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ ने जीत दर्ज की। तीन दिवसीय महोत्सव में विभिन्न संस्थानों के खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
क्रिकेट में इंटीग्रल यूनिवर्सिटी ने केजीआई वाराणसी को 83 रन से हराया। एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ ने आईआईआईटी सोनीपत को 29 रन से मात दी। अन्य मैचों में आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्रों की टीम और जेएसएस ने एकेजीईसी के खिलाफ जीत हासिल की। पुरुष फुटबॉल में एकेजीईसी ने एनआईएफटी को 1-0 से पराजित किया। एनआईटी कुरुक्षेत्र और इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। ओपी जिंदल और इंटरविस की टीमें 1-1 गोल से बराबरी पर रहीं। महिला फुटबॉल में ओपी जिंदल ने एनआईटी कुरुक्षेत्र को हराया। पुरुष खो-खो में आरजीआईपीटी ने एकेजीईसी के खिलाफ जीत दर्ज की।
खेलों के साथ मनोरंजन का भी तड़का
उद्घोष-26 के पहले दिन खेल प्रतियोगिताओं के साथ मनोरंजक गतिविधियों ने भी प्रतिभागियों का ध्यान खींचा। ओपेन एयर थिएटर में फ्रीस्टाइल फुटबॉल के करतब आकर्षण का केंद्र रहे। हॉल-8 में पेंटबॉल, योगा हॉल में प्रोम और स्केटिंग ग्राउंड पर साइलेंट डिस्को का आयोजन किया गया।