कानपुर। बिग एफएम व अमर उजाला के सहयोग से रविवार को साकेतनगर स्थित मंदाकिनी होटल में बिग मेमसाब कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 300 से ज्यादा महिलाओं ने प्रतिभाग कर अपने हुनर, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। आयोजन का मकसद महिलाओं को ऐसा मंच प्रदान करना था जहां वह अपनी पहचान बनाए और अपनी प्रतिभा को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करें।
प्रतियोगिता को चार श्रेणियों सिंगिंग, डांसिंग, कुकिंग और मेकअप आर्टिस्ट में बांटा गया। सिंगिंग में 98, डांसिंग में 102, कुकिंग में 90 और मेकअप आर्टिस्ट श्रेणी में 88 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करा प्रस्तुति दी। सिंगिंग में समरजीत रंधावा और मोहिनी शुक्ला, डांसिंग में वर्षा दीक्षित और सचिन गोस्वामी, कुकिंग में प्रीति मिश्रा व शेफ विष्णु, मेकअप आर्टिस्ट श्रेणी में प्रीति रंजन और श्रद्धा सिंह ने प्रतिभागियों का आंकलन किया। बिग एफएम के यूपी वेस्ट प्रोग्रामिंग हेड विश्वनाथ गोराई ने प्रतिभागी महिलाओं के उत्साह की सराहना की। कार्यक्रम की विजेता को वेद ऑटोमोबाइल्स की ओर से पुरस्कार स्वरूप ई-स्कूटर दिया जाएगा।उसी विजेता को बिग मेमसाब का खिताब भी मिलेगा। विजेताओं की जानकारी बिग एफएम के फेसबुक पेज और इंस्टाग्राम पर दी जाएगी। इसके अलावा रेडियो प्रसारण और समाचार पत्रों से भी विजेताओं के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे। मंच संचालन आरजे उमंग और नीलांशी ने किया। मौके पर बिग एफएम की टीम से विश्वनाथ गोराई, राहुल टंडन, एनी शर्मा, श्रुतिमा, करुणा कुशवाहा, आशुतोष मिश्रा और सुधीर कुमार मौजूद रहे।