बरौर(कानपुर देहात)। विकासखंड मलासा के बरगवां गांव में शुक्रवार को स्वास्थ्य टीम ने 19 लोगों का इलाज कर दवा वितरित की। गांव में चालीस से अधिक ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। वहीं, 10 ग्रामीणों के रक्त की स्लाइड बनाई गई हैं।
मालूम हो कि गत 26 सितंबर को बरगवां गांव निवासी शिवसिंह की पत्नी उर्मिला, बुधवार को शिवकुमार की पत्नी रामसखी व गुरुवार को राजकुमार की पत्नी मायादेवी की बुखार से मौत हो गई थी। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास ने रामसखी व मायादेवी की मौत का कारण अन्य बीमारी से होना बताया था। जिसके बाद शुक्रवार को गांव पहुंचकर स्वास्थ्य टीम ने अखिलेश, रामस्वरूप, संजयकुमार, रामसुरेश की पत्नी अंजू, रामविलास, संजय की पुत्री कोमल, बलराम की पत्नी कलावती, गयाप्रसाद की पुत्री प्रियंका, रामखिलावन, समेत 19 ग्रामीणों का इलाज कर उनको दवा वितरित की गई। वहीं, छोटेलाल की पत्नी सत्यवती, बीरेंद्र की पत्नी गुड्डी, लक्ष्मीकांत की पत्नी सुनीता, रमाकांत की पत्नी चमेली, प्रदुम्मन, अखिलेश समेत 10 ग्रामीणों के रक्त की स्लाइड बनाई गईं। जिले से आए मलेरिया इंस्पेक्टर, जगत सिंह, सर्वेश कुमार, रिषी कपूर की टीम ने गांव के 70 घरों में दवा का छिड़काव किया। वहीं, ग्रामीणों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए। स्वास्थ्य टीम में डॉ. दिनेश कुमार, फार्मासिस्ट अनिल कुमार मौजूद रहे।