बांदा के नरैनी में अवैध खनन करते समय बालू का टीला ढह जाने से एक मजदूर की मौत हो गई। तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। हालांकि मृतक के पिता ने पुलिस में दी तहरीर में खेत की रखवाली के दौरान टीला ढहने की बात कही है। लोगों का कहना है कि पिता ने अवैध खनन करा रहे माफियाओं के दबाव में यह तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के पाड़ादेव (रिसौरा) गांव में अवैध खनन हो रहा हैं। पोकलैंड मशीनों से टीले खोदकर बालू निकाली जा रही है। मंगलवार की रात करीब 12 बजे टीले खेत का मालिक ट्रैक्टर लेकर बालू भरने आया था। इसमें 5 मजदूर भी सवार थे।
बालू भरते समय अचानक टीला ढह गया और बालू भर रहा मजदूर सूरजदीन (30) पुत्र भाऊ यादव बालू और मिट्टी के मलबे में दब गया। सोखा पुत्र सजीवन, नाती पुत्र भाईलाल और सुरेश यादव मजदूर घायल हो गए। अन्य मजदूरों ने आनन फानन मलबे में दबे सूरजदीन को बाहर निकाला।