भारी मात्रा में अवैध शराब और केमिकल बरामद
- फोटो : अमर उजाला
जालौन जिले के उरई में कुठौंद पुलिस, एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने सात शातिर अंतरराज्यीय शराब तस्करों को पकड़कर उनके पास तीन डीसीएम में भरे ड्रमों में लगभग 12 हजार लीटर शराब बनाने का केमिकल, उपकरण सहित अन्य सामग्री बरामद की है। पकड़े गए शातिरों के पास से कार, मोबाइल, नगदी आदि बरामद हुई।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी डा.यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए कैमिकल की कीमत लगभग 20 लाख के आसपास है। बताया कि पुलिस टीम ने कुठौंद थाना क्षेत्र जालौन औरैया हाइवे से चौथ गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर तीन डीसीएम ड्रमों में भरा देशी शराब बनाने वाला केमिकल सहित सात लोगों को पकड़ लिया।
पकड़े गए लोगों में सतीशचंद्र चौधरी पुत्र रामराज चौधरी निवासी ग्राम सुखरौली थाना लालगंज जनपद बस्ती, अशोक कुमार पुत्र श्रीरामचंद्र राय निवासी सुरिया टरा थाना अनगार घाट जिल समस्तीपुर बिहार, जहीर खां पुत्र छोटे खां, रहीश पुत्र छोटे खां निवासी ग्राम किनायां थाना ढोलना जिला काशगंज, रोहित पुत्र श्रीचंद्र जाटव निवासी ग्राम महेपे थाना सिकंदराबाद, विजय पुत्र जयपाल निवासी ग्राम नैनाततारपुर थाना मुहाना जनपद सोनीपत हरियाणां, अंशु जाटव पुत्र खजांती लाल निवासी ग्राम व थाना महरेरा जिला एटा शामिल हैं।
इनके पास से तीन डीसीएम में लदे 180 ड्रम 50 लीटर वाले व सोलह ड्रम 200 लीटर वाले ओपी केमिकल से भरे बरामद किए। वहीं पुलिस को एक ऑल्टो कार, सात मोबाइल, 16800 रुपए 199 खाली क्वार्टर सहित भारी मात्रा में उपकरण व अन्य सामग्री बरामद हुई।