आईआईटी कानपुर के छात्रों ने एक ऐसा छोटा ड्रोन तैयार किया है जो अधिकतम 300 मीटर की ऊंचाई तक उड़कर किसी इलाके की निगहबानी कर सकता है। इसकी मदद से देश की सरहदों की निगरानी भी की जा सकती है। इस ड्रोन को नाम दिया गया है ‘सुदर्शन’। इसके दोनों पंख बहुत तेजी से (प्रति सेंकेड दस बार) घूमते हैं इसलिए 50 मीटर की ऊंचाई पर उड़ते वक्त भी कोई इसे देख नहीं सकता। इसे एयरोस्पेस इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिषेक और उनके छात्र रजत त्रिपाठी, रामाकृष्णा व सौरभ सिन्हा ने तैयार किया है। इस ड्रोन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
पूरा ड्रोन सुदर्शन चक्र की तरह घूमता
डॉ. अभिषेक बताते हैं कि इस ड्रोन को तैयार करने में छह माह लगे। इसकी खासियत है कि पूरा ड्रोन ही सुदर्शन चक्र की तरह तेजी से घूमता है। इसलिए कोई इसे उड़ते हुए देख नहीं पाता। इसमें हाई क्वालिटी कैमरा लगाकर आसानी से किसी भी क्षेत्र पर नजर रखी जा सकती है।