यूपी के फतेहपुर में सोमवार को अकाल मौतों का बड़ा ही भयानक मामला सामने आया। यहां के छीतमपुर में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बाइक सवार तीन लोगों पर जा गिरा। इस दुर्घटना में तीनों मौके पर ही जिंदा जलकर अपने प्राण खो बैठे। बिजली विभाग की लापरवाही से एक साथ तीन मौतें होने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। गांववालों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वीभत्स हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स को मौर्चा संभालना पड़ा।
विज्ञापन
हंसवा फतेहपुर थरियांव थाना क्षेत्र की लिंक रोड छीतमपुर पर सोमवार शाम अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से बाइक सवार तीन युवक जिंदा जल गए। सभी एक ही बाइक पर थे और आपस में रिश्तेदार थे। एक साथ तीन मौतों की सूचना बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम सदर ने मृतकों के परिजनों को कृषक दुर्घटना योजना और पारिवारिक लाभ योजना के साथ पट्टा दिलाने का भरोसा दिलाया।
यह दर्दनाक हादसा दोपहर तीन बजे हुआ। थरियांव थाना क्षेत्र के छीतमपुर गांव निवासी कुशलपाल (38) लुधियाना में प्राइवेट जॉब करते थे। इनके साथ मलवां थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर गांव निवासी बहनोई श्रीचंद्र (45) के सदर कोतवाली क्षेत्र के पूरेताज महमदपुर गांव में रहने वाले दामाद दीपक पुत्र रामजीत (25) भी लुधियाना में नौकरी करते थे। कुशलपाल और दीपक पिछले सप्ताह अपने अपने गांव आए थे। कुशलपाल की बहन रन्नो थरियांव थाना क्षेत्र के टेकारी गांव में ब्याही है। कुशलपाल को अपनी बेटी कल्पना के लिए लड़का देखना था। कुशलपाल ने श्रीचंद्र और दीपक को भी बुला लिया था। रविवार को तीनों एक ही बाइक में सवार होकर टेकारी गांव गए थे। सोमवार को बातचीत कर यह लौट रहे थे तभी आकूपुर गांव के पास छीतमपुर रोड पर इनकी बाइक पर सड़क के बीच से गुजरी हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर अचानक गिर गया।
विज्ञापन
अफसरों को कोसते नजर आए गांववाले
घटनास्थल पर पहुंचे सदर विधायक विक्रम सिंह
- फोटो : अमर उजाला
एचटी लाइन की चपेट में आने से यह तीनों मौके पर ही जिंदा जल गए। बिजली से तीन बाइक सवारों के जिंदा जलने की जानकारी जिसे मिली वही हाइडिल अफसरों को कोसता नजर आया। ग्रामीणों के जुटने की सूचना पाकर एहितयात के तौर थरियांव, असोथर और गाजीपुर का फोर्स बुला लिया गया। थरियांव एसओ कपिल देव सिंह व खागा एसओ अतुल चौबे भी कुछ देर में जा पहुंचे। ग्रामीण विद्युत विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हो हल्ला काट रहे थे। डीएम मदन पाल आर्य ने सूचना मिलने पर सदर एसडीएम प्रेम प्रकाश तिवारी को मौके पर भेजा। एसडीएम के सामने ग्रामीण हाइडिल अफसरों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक परिवारों को आर्थिक मदद देने की बात पर अड़े थे। जिस पर एसडीएम ने कृषक दुर्घटना योजना, पारिवारिक लाभ योजना के साथ तीनों मृतकों के परिवारों के नाम पट्टा देने का ऐलान किया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विधायक भी पहुंचे मौके पर
एक साथ तीन बाइक सवारों के जिंदा जलने की खबर पाकर सदर विधायक विक्रम सिंह व पूर्व विधायक आंनद लोधी मौके पर पहुंचे। सदर विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मृतक परिवारों को मंगलवार तक हर संभव मदद और सरकारी लाभ दिला दी जाएगी।
एचटी लाइन में बांधे थे एलटी का तार
छीतमपुर रोड पर टूटा पड़ा एचटी लाइन का तार
जिस जगह पर यह दर्दनाक हादसा हुआ वहां पर विद्युत विभाग की धांधली सरेआम हो गई। जो तार टूट कर नीचे गिरा था उसमें एलटी लाइन का तार भी देखा गया। इसे देखते ही ग्रामीणों का गुस्सा और सातवें आसमान पर पहुंच गया था।
हाइडिल की अनदेखी यही से खत्म नहीं होती है। जिस जगह पर तार टूटकर नीचे गिरा। ग्रामीणों के मुताबिक वहां पर बीच में एक जोड़ था। इतना ही नहीं एचटी लाइन पर कई जगह पेड़ टच कर रहे थे। जिससे लाइन को अर्थिंग मिलना स्वाभाविक है। जानकारों की माने तो अर्थिंग की वजह से तार आपस में टकरा कर टूटते हैं।
सपा नेता पर टूटा पुलिसिया कहर
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर जिंदा जले तीन बाइक सवारों की सूचना पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव भी मौके पर पहुंचे थे। इनके साथ मिचकी गांव के रहने वाले किसान सभा के अध्यक्ष राकेश यादव भी थे। यह दोनों नेता पहुंचे तो दो शव को लादा जा चुका था जबकि एक नीचे रखा था। वीरेंद्र ने कहा कि क्या साधन नहीं मिल रहा है। इसी बीच राकेश ने लाश न उठाने की धमकी दी। इन दोनों नेताओं का बस इतना ही कहना था कि थरियांव एसओ आपा खो बैठे। मौके की नजाकत देखकर राकेश यादव तो भाग गए जबकि पुलिस ने वीरेंद्र यादव को गाजीपुर एसओ की जीप में धकियाते हुए बिठा दिया।
बिखर गए तीन परिवारों के सपने
एचटी लाइन से जलकर मरे तीन लोगों की मौत ने एक ही झटके में इनके परिवारों के सपनों को बिखेर कर रख दिया। कुशल पाल तीन बच्चों के पिता थे। इनमें एक बेटा सोनू और कल्पना व काजल हैं। दीपक के भी इतनी ही संतानें हैं। जिनमें बेटा प्रांशू व छोटे और बेटी प्रांशी है। जबकि श्रीचंद्र नौ बच्चों के पिता थे। जिनमें सुखराज, दुर्गेश, राजेश, छोटू व पंचू, के साथ बेटी ममता, सविता, ननकी और छोटी हैं। इन बच्चे रोए जा रहे हैं तो परिवार गहरे सदमे में हैं।