आईआईटी रुड़की से जिनिस रखोलिया, जय बोसमिया, पंकज कटारिया और कपिल धवल रहे विजेता
न्यूयॉर्क स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग अमेरिका, आईआईटी-कानपुर और एनआईवीवाई-आबूधाबी की ओर से आयोजित चार दिवसीय (10, 11, 12, 13 नवंबर ) इंटरनेशनल साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस कॉन्टेस्ट वीक का रिजल्ट सोमवार को आ गया। भारत के अलग-अलग राज्यों, प्रौद्योगिकी और तकनीकी संस्थानों की 10 टीमों को पछाड़कर आईआईटी रुड़की के स्टूडेंटों ने बाजी मारी। पहला पुरस्कार जीतकर मेडल, कैश प्राइज हासिल किया। यह प्रतियोगिता पहली बार भारत में कराई गई थी। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के प्रो. संदीप और प्रोजेक्ट मैनेजर नाजिया इरशाद ने बताया कि आईआईटी कानपुर की दो टीमें कुछ खास नहीं कर सकी हैं।
इंटरनेशनल कांटेस्ट के संयोजक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2020 तक दुनिया में 1.5 मिलियन साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट की जरूरत पड़ेगी। इस लिहाज से इंटरनेशनल कांटेस्ट महत्वपूर्ण है। न्यूयार्क, कानपुर और आबूधाबी में एक साथ आयोजित प्रतियोगिता में 90 टीमों ने हिस्सा लिया। सबको एनवाईयू की तरफ से मास्टर डिग्री प्रोग्राम में एडमिशन के ऑफर भी मिले हैं। कैश प्राइज, सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे। साइबर सिक्योरिटी कांटेस्ट के विजेताओं को रिलायंस, निबिटी, एनटीआरओ सहित कई कंपनियों ने जॉब की है। इसका ब्योरा संबंधित संस्थान के कैंपस सेलेक्शन सेल के पास भेजा गया है। सेल की अनुमति मिलने के बाद कैंपस सेलेक्शन की अन्य औपचारिकता पूरी की जाएंगी। दूसरी तरफ न्यूयार्क यूनिवर्सिटी ने विजेताओं को फेलोशिप, स्कालरशिप देने का एलान किया है। विजेताओं को कैश प्राइज भी मिलेगा। पहला पुरस्कार 30 हजार, दूसरा 20 हजार और तीसरा पुरस्कार 10 हजार रुपये है। यह धनराशि विजेताओं के बैंक अकाउंट में भेजी जाएगी। वेबसाइट csaw.iitk.ac.in पर रिजल्ट उपलब्ध हैं।
टॉप थ्री टीमें
1- आईआईटी रुड़की: जिनिस रखोलिया, जय बोसमिया, पंकज कटारिया और कपिल धवल।
2- अमृता यूनिवर्सिटी: जयकृष्ण मेनन वी, गोकुल कृष्णा पी, शिवकृष्णा पी, अर्जुन टी उन्नीकृष्णन।
3- ट्रिपल आईटी दिल्ली: अनीस डोगरा, गुरुशबद ग्रोवर, पलाश बंसल और संभव सतीजा।