कानपुर। आईआईटी कानपुर ने बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक साइकिल डिलीवरी कर अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया है। यह उपलब्धि ई-साइकिल कार्यक्रम के तहत ईमोटोरैड, कुप्पम क्षेत्र विकास प्राधिकरण, चित्तूर जिला कलक्ट्रेट और आंध्र प्रदेश सरकार के सहयोग से हासिल की गई।
रिकॉर्ड वितरण कार्यक्रम पिछले सप्ताह आंध्र प्रदेश सरकार की ओर से कुप्पम क्षेत्र विकास प्राधिकरण के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक साइकिलों का एक साथ वितरण किया गया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने आधिकारिक रूप से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कुप्पम विधानसभा क्षेत्र में सतत, पर्यावरण-अनुकूल और कम-कार्बन परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना था।
आईआईटी कानपुर ने कुप्पम नेट जीरो विधानसभा क्षेत्र परियोजना के अंतर्गत तकनीकी भागीदार के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। क्रियान्वयन में आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र हरि शंकर (परामर्शदाता) और विकास मरमत (आईएएस), परियोजना निदेशक का विशेष योगदान रहा। संस्थान की ओर से परियोजना के प्रधान अन्वेषक प्रो. मनोज के. तिवारी और प्रो. राजीव जिंदल ने प्रतिनिधित्व किया। आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने इस उपलब्धि को सतत विकास, क्लीन मोबिलिटी और सामाजिक प्रभाव के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया और सभी सहयोगी संस्थाओं और परियोजना टीम को बधाई दी।