आईआईटी के प्रथम वर्ष के छात्रों का नया शैक्षिक सत्र आठ माह का होगा। दो सेमेस्टर चार माह में ही पूरे कर लिए जाएंगे। 17 जुलाई 2021 तक प्रथम वर्ष के छात्रों के पहले वर्ष की पढ़ाई पूरी कराई जाएगी। अगले सत्र को नियमित करने के लिए आईआईटी प्रशासन ने इस सत्र में कटौती की है।
विज्ञापन
संस्थान ने बीटेक व बीएस के नव प्रवेशी छात्रों का एकेडमिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है। 16 नवंबर को ओरियंटेशन के साथ नव प्रवेशी छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू हो जाएगी। दो माह की पढ़ाई के बाद 26 से 31 दिसंबर के बीच ही मिड सेमेस्टर की परीक्षाएं होंगी।
एक से सात मार्च 2021 के बीच पहले सेमेस्टर की अंतिम परीक्षाएं पूरी करा ली जाएंगी। दूसरा सेमेस्टर 16 मार्च 2021 से शुरू हो जाएगा। इसमें भी दो माह की पढ़ाई के बाद 6 से 11 मई के बीच मिड सेमेस्टर की परीक्षा और 5 से 11 जुलाई के बीच सेमेस्टर की अंतिम परीक्षा पूरी कराई जाएगी।