कानपुर। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए 17 नवंबर यानी मंगलवार से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान शुरू हो रहा है। इसी दिन मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 16 दिसंबर तक नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा जबकि चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने मतदाताओं से अपील की है कि वे पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें। इसके लिए अब निर्वाचन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे अपना नाम, मतदान केंद्र और संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। एप से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी मिलेगी।
मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6
पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। नाम, पता या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती होने पर फॉर्म-8 के जरिए संशोधन कराया जा सकेगा। वहीं, मृतक या अन्य कारणों से अपात्र हो चुके मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरकर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। आवेदन ऑनलाइन के साथ बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन भी किए जा सकेंगे। अभियान को गति देने के लिए नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ मौजूद रहेंगे।
युवाओं के लिए भी खुलेगा मतदाता बनने का रास्ता
पुनरीक्षण में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर विशेष जोर रहेगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए बीएलओ को नियमित रूप से टेबल टॉप एक्सरसाइज करने के निर्देश दिए गए हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को भी सक्रिय करने को कहा गया है।