कानपुर। ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा को ऑड-ईवन फॉर्मूले पर चलवाया जा सकता है। इससे पूर्व ई-रिक्शा और ई-ऑटो को निर्धारित रूट पर चलवाने का प्रयास किया जाएगा यदि सुधार नहीं हुआ तो फॉर्मूले को सुबह-शाम या दिन के आधार पर सख्ती से लागू कर दिया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को सीपी रघुवीर लाल ने अधिकारियों संग बैठक कर उन्हें दिशा-निर्देश जारी किए। ट्रैफिक में सहयोग करने के लिए 400 वालेंटियर्स नियुक्त करने पर सहमति बनी।
शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या सुबह और शाम के वक्त सबसे ज्यादा होती है। इसकी वजह और निदान के लिए पुलिस कमिश्नर ने संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध विनोद कुमार सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह के साथ बैठक की।
ट्रैफिक अधिकारियों ने उन्हें बताया कि शहर में निर्धारित रूट पर संचालन के लिए केवल 7000 ही ई-रिक्शे पंजीकृत हुए हैं जबकि 70 हजार से अधिक ई-रिक्शे चल रहे हैं। ट्रैफिक स्टाफ को चौराहों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक वालेंटियर्स को पुलिस की ओर से कई सुविधाएं मिलेंगी। उनके लिए आई कार्ड बनेगा। सीटी, छड़ी और रेडियम जैकेट भी दी जाएगी। वालेंटियर्स पुलिस मेस का भी लाभ उठा सकेंगे। विभाग के कई कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाएगा।
कई सड़कें फिर होंगी वनवे
जाम से प्रभावित कई सड़कों को फिर से वनवे करने की तैयारी है। यहां पूर्व के नतीजों को देखते हुए व्यवस्था की जाएगी। इसमें कल्याणपुर क्रॉसिंग, जीटी रोड क्रॉसिंग, नयागंज, चकेरी क्षेत्र, गोविंदनगर, आर्यनगर समेत अन्य क्षेत्र शामिल हैं।
यातायात की बेहतरी के लिए बनी कार्ययोजना
- सड़कों की समस्याएं और इंजीनियरिंग पर संबंधित विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
- सीसीटीवी कैमरों के साथ सॉफ्टवेयर लगेगा। जाम लगने पर अलर्ट जारी होगा।
- होमगार्ड की जगह ट्रैफिक और पुलिस के स्टाफ चौराहों पर नजर आएंगे।
- एसीपी और थाना प्रभारी की जाम लगने पर जिम्मेदारी होगी।
- ऑटो और ई-रिक्शा निर्धारित रूट पर संचालित किए जाएंगे।
- बीएसए, डीआईओएस को स्कूलाें के समय में परिवर्तन के लिए कहा जाएगा।
यातायात व्यवस्था की बेहतरी के लिए शहर में ट्रैफिक वालंटियर्स बनाए जाएंगे। उनको पुलिस की ओर से कुछ सुविधाएं मिलेंगी। ऑटो और ई-रिक्शा के लिए कई रणनीति बनाई गई है। इनमें ऑड और ईवन फॉर्मूला भी शामिल है।
-रघुवीर लाल, पुलिस कमिश्नर कानपुर