कानपुर। सेल्स टैक्स बार एसोसिएशन कानपुर की अप्रत्यक्ष कर कमेटी की ओर से सोमवार को लखनपुर स्थित सभागार में जीएसटी 2.0 विषय पर गोष्ठी हुई। इसमें वक्ताओं ने जीएसटी सुधारों की जानकारी दी। कहा कि 7500 रुपये से कम किराये वाले होटल के कमरे पर पांच प्रतिशत ही जीएसटी लगेगा।
मुख्य वक्ता सीए धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि 7500 रुपये से अधिक किराये वाले होटलों पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। उन्होंने रेस्टोरेंट और फूड सर्विस सेक्टर में लागू टैक्स दर और इनपुट टैक्स क्रेडिट से संबंधित प्रावधानों के बारे में बताया। बताया कि किन वस्तुओं व सेवाओं पर आईटीसी मिलेगी और किन पर नहीं। महामंत्री अवनीश मिश्रा ने कहा कि जीएसटी सुधार से आम ग्राहक को लाभ मिलने लगा है। कर की दर कम होने से महंगाई में अंतर दिखने लगा है। यहां पर अध्यक्ष एसपी सिंह, बीके शुक्ला, विश्राम सिंह यादव, आरके तिवारी, एमपी पांडेय, कुलदीप नारायण बाजपेई, विमल कटियार आदि थे।