इटावा। नगर पालिका कर्मी के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस-प्रशासन जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। जल्द ऐसा न होने पर प्रदेश व्यापी आंदोलन किया जाएगा। यह बातें राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार रावत ने कही।
मंगलवार को सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता करते हुए सुरेश कुमार ने कहा कि वह पुलिस-प्रशासन के अभी तक कार्रवाई से संतुष्ट है। इसलिए ही उन्होंने मंगलवार होने वाली श्रद्धांजलि यात्रा को आगे के लिए स्थगति कर दिया है। कहा, कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तार कर उन पर कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मृतक कर्मचारी के बेटे को नौकरी दी जाए। इस मौके पर प्रांतीय महामंत्री अतुल मिश्रा, उपाध्यक्ष सुनील यादव, जिलाध्यक्ष अरविंद धनगर, महामंत्री डॉ. धर्मेद्र यादव, संजीव यादव, प्रीतम उपाध्याय, शिवराम सिंह, धर्मेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
ओएसडी ने डिप्टी सीएम से कराई बात
सोमवार शाम राजीव यादव के घर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के ओएसडी रविराज पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बात करके डिप्टी सीएम की ओर से संवेदना व्यक्त की। बेटे सिद्धार्थ अर्जुन से डिप्टी सीएम की वीडियो कॉल के जरिए बात कराई। डिप्टी सीएम ने हर संभव मद्द का आश्वासन दिया। कहा कि आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।