ताखा। क्षेत्र के पटियायत गांव में मंगलवार को हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से खेत में काम कर रही युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घायल युवती को परिजनों ने सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया।
प्रिया (18) निवासी पटियायत गांव के पास खेत में मानसिंह की समर के पास बाजरा काट रही थी। तभी दोपहर के समय खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सीधे प्रिया के ऊपर आ गिरी। तार की चपेट में आते ही प्रिया बुरी तरह झुलस गई और खेत में गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर दौड़े और उसे परिजनों की मदद से सैफई स्थित आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक ऊसराहार बलराम मिश्रा ने बताया कि फोन पर सूचना प्राप्त हुई थी, मामले की जानकारी बिजली निगम को दे दी गई है। (संवाद)