महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र के मोहल्ला छोटा रमना में स्थित दूध डेयरी में रह रहे पति-पत्नी के बीच विवाद होने पर पहले पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में पति पंखे में रस्सी बांधकर फांसी पर झूल गया। उसकी भी मौत हो गई।
सुबह काफी देर तक शटर न खुलने पर दूधिये ने डेयरी मालिक के बेटे को फोन कर बुलाया। बेटे ने शटर खोला तो दंपती मृत था। मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जांच पड़ताल करने में जुट गई है। मृतक के बेटे ने घटना की तहरीर कोतवाली चरखारी में दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भैंसासुर निवासी मीरा (52) की शादी कोतवाली उरई क्षेत्र के ग्राम मलूपुरा निवासी बलराम चंसौरिया (58) पुत्र गयाप्रसाद चंसौरिया के साथ हुई थी। सोलह साल से बलराम चंसौरिया चरखारी में अपनी ससुराल में आकर रहने लगा था।