ताला तोड़कर कमरे का दरवाजा खोला गया तो महिला का खून से सना शव जमीन पर पड़ा था। महिला के सिर और चेहरे पर चाकू से वार के वार मिले। खून से सना चाकू भी मिला।
कानपुर देहातः अकबरपुर थाना क्षेत्र के जैनपुर (नबीपुर) में बुधवार की सुबह ट्रक चालक ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद ट्रक चालक वहां से भाग गया। मकान मालिक की सूचना पर एसपी, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
मूलरूप से झांसी के पिछौरा निवासी ट्रक चालक मनोज सिंह ने दस साल पहले इटावा की अंजनी देवी (30) से प्रेम विवाह किया था। उसके एक छह साल का बेटा भी है। मनोज परिवार समेत सुभाष नगर में रिटायर्ड फौजी जीत सिंह के मकान में रह रहा था।
जीत सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह मनोज और अंजनी में झगड़ा होने लगा। इस पर वह दोनों को समझाकर टहलने निकल गए। उसी समय मनोज भी बच्चे को स्कूल छोड़ने के लिए बाहर निकल आया। करीब डेढ़ घंटे बाद वह वापस घर पहुंचे तो मनोज घर से निकल रहा था। पूछने पर बताया कि वह मोबाइल रिचार्ज कराने जा रहा है।
वह घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि मनोज के कमरे में ताला लगा था। शक होने पर उन्होंने अंजनी को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। एसपी का कहना है कि प्रथम दृष्टया अवैध संबंध के शक में हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है।
दामाद को हत्यारा मानने से इनकार
अंजनी की मौत की सूचना पाकर उसके पिता देवेंद्र, भाई रामाकांती और अजय जैनपुर चौकी पहुंचे। देवेंद्र ने दामाद मनोज को हत्यारा मानने से इनकार कर दिया। कहा कि मनोज ने उन्हें फोन कर बताया है कि सफाई करने के दौरान अंजनी नीचे गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने दामाद के खिलाफ तहरीर देने से इनकार कर दिया।