उत्तर प्रदेश के महोबा में पहली पत्नी के होते हुए पति को दूसरा ब्याह रचाना महंगा पड़ गया। दूसरी शादी की खबर लगते ही पहली पत्नी पूजा ने थाना श्रीनगर पहुंचकर पति, सास व ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज मांगने, मारपीट करने और पहली पत्नी के होने बाद भी दूसरी शादी करने का मुकदमा दर्ज करा दिया।
इससे ससुराल में हड़कंप मच गया है। कोतवाली चरखारी के ग्राम बपरेथा निवासी धांधू राजपूत ने अपनी बेटी पूजा की शादी थाना श्रीनगर के ग्राम सलारपुरा निवासी राजकुमार राजपूत से 26 अप्रैल 2016 को थी। धांधू राजपूत ने बताया कि सामर्थ्य से अधिक दान-दहेज दिया था, लेकिन शादी के चंद दिन बाद ही बेटी का पति और ससुराली जन दहेज में बाइक और भैंस की मांग करने लगे।
भैंस भी दे दी गई, लेकिन वह बाइक की जिद पर अड़े थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन बेटी पूजा की मारपीट करने लगे और उसे घर से भगा दिया। दस दिन पहले राजकुमार राजपूत ने पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के थाना लवकुश नगर के ग्राम बगमऊ निवासी सुरेश राजपूत की बेटी से दूसरा ब्याह रचा लिया।
पहली पत्नी पूजा को पति के दूसरा ब्याह रचाने की खबर मिलतेे ही उसने थाना श्रीनगर में पति राजकुमार, सास लक्ष्मी, ससुर सुुनील और देवर समेत चार लोगों के पर मुकदमा दर्ज करा दिया है। पुलिस अभियुक्तों की तलाश में जुट गई है।