निकाह के महज पांच माह बाद ही शौहर ने बीवी को फोन पर तीन तलाक दे दिया। महिला ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ कानपुर के अनवरगंज थाने में दहेज उत्पीड़न समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शौहर और ससुर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इसी साल 26 जनवरी को अनवरगंज में रहने वाले एक युवक का इलाके की एक युवती से निकाह हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति व अन्य ससुरालवाले उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। शौहर ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। 12 जुलाई को ससुरालवालों ने उससे मायके से रुपये लाने को कहा। इस पर उसने इनकार कर दिया।
इस पर सभी ने मिलकर उसको पीट दिया, जिसके बाद वह अपने मायके चली गई। जब वह वापस नहीं आई, तो उसके शौहर ने उसको फोन किया। फोन पर दोनों की कहासुनी हुई। इस बीच शौहर ने फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। इंस्पेक्टर अनवरगंज रमाकांत पचौरी के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर शौहर और ससुर को जेल भेज दिया गया है।