चित्रकूट में जंगल में लकड़ी काटने के बाद गठ्ठर बनाने के दौरान विवाद होने पर पति ने पत्नी को बेरहमी से पीट दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पति भाग निकला। आसपास के लोगाें ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराया और आरोपी की तलाश शुरूकर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोपी नशे का आदी था और नशे की हालत में ही उसने पत्नी को कुल्हाड़ी के बेंत से सिर पर प्रहार किया है जिससे उसकी मौत हो गई है।
अन्य किसी कारण की अभी जानकारी नहीं है। जिले की सीमा से सटे मप्र के नयागांव थानाक्षेत्र थरपहाड़ निवासी उर्मिला मवासी (26) रविवार की सुबह गांव की कुछ महिलाओं के साथ जंगल में लकड़ी काटने गई थीं। इसी बीच वहां पति शिवकुमार भी पहुंचा और लकड़ी को एकत्र कर गठ्ठर बनाने लगे लेकिन गठ्ठर बांधने के लिए कोई बंधन या रस्सी नहीं थी।
इसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच कहासुनी के बाद तीखी नोंकझाेंक हो गई। नाराज पति ने कुल्हाड़ी के बेंत से पत्नी के सिर व शरीर पर कई वार किए, जिससे महिला की मौत हो गई। यह देख आसपास मौजूद अन्य लोग आ गए तो आरोपी भाग निकला। थानाध्यक्ष संतोष तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।