कानपुर देहात। बरौर थाना क्षेत्र के टुटईखान में 14 फरवरी को महिला का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटकता मिला था। मामले में महिला के पिता ने दामाद सहित सात ससुरालवालों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में बुधवार को पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।
बरौर थानाध्यक्ष अमिता वर्मा ने बताया कि बुधवार को टुटईखान तिराहा के पास से जितेंद्र बाबू उर्फ जीतू निवासी टुटईखान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी व उसके परिजन के खिलाफ मंगलवार को हमीरपुर के बिवार थाना क्षेत्र के करगांव निवासी बच्चीलाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि उसने अपनी बेटी रूबी (25) की शादी टुटईखान निवासी जितेंद्र बाबू के साथ की थी।
शादी के बाद से ससुरालीजन दो लाख रुपये व बाइक की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर 14 फरवरी की रात को बेटी की उसके पति जितेंद्र, सास मंजू, ससुर गोपीचरन, जेठ अरुण, दीपक, अंकित व गुड्डू ने मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस को महिला का शव घर में फंदे से लटकता मिला था। मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। वहां से उसे जेल भेजा गया है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।