यूपी में हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम दलेलपुर में नशे में पति ने पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद पति फरार हो गया। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर विवाहिता के मायके वाले दलेलपुर पहुंचे तो शव घर में पड़ा मिला। मृतका के पिता ने दामाद के विरुद्ध हत्या की तहरीर पुलिस को दी है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम दलेलपुर निवासी रामू का विवाह 12 वर्ष पूर्व सुरसा थाना क्षेत्र के ही ग्राम कहटरा निवासी वेदवती (30) के साथ हुआ था। रामू खेती-किसानी के अलावा मजदूरी भी करता था। पिछले कुछ वर्ष से शराब पीने का आदी हो गया था। ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार रात रामू शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसके बाद उसने अपनी पत्नी वेदवती से और शराब पीने के लिए रुपये मांगे। वेदवती ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो रामू ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के चलते वेदवती की घर में ही मौत हो गई। इसके बाद रामू घर से फरार हो गया।
उसके बच्चों कौशल (9) पुष्पेंद्र (4) और विनीता (3) ने मां और पिता के बीच हुए झगड़े की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घटना के बारे में वेदवती के पिता रामकुमार निवासी कहटरा को जानकारी दी। देर रात वह भी अपने परिजनों के साथ घर पहुंच गए। रामकुमार ने बताया कि जब वह घर पहुंचे तो वेदवती का शव घर के अंदर पड़ा था और जगह-जगह चोट के निशान थे। उन्होंने ही सुरसा पुलिस को घटना की जानकारी दी। जानकारी पर पहुंची सुरसा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष सिराजुद्दीन ने बताया कि मृतका के पिता रामकुमार की ओर से घटना को लेकर तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बच्चों ने नाना को बताई हकीकत
ग्राम दलेलपुर पहुंचे रामकुमार को वेदवती की मौत की हकीकत बच्चों से पता चली। नौ साल के कौशल ने रामकुमार को बताया कि रात में पापा शराब पीकर आए थे। मम्मी से और शराब पीने के लिए रुपये मांग रहे थे। मम्मी ने दारू के लिए रुपये देने से मना कर दिया तो पापा ने डंडों से पीट दिया। उसके बाद मम्मी बेहोश हो गई।