फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग का तांडवः लाखों का नुकसान, तीन जानवरों की मौत, महिला झुलसी

Sun, 12 May 2019 12:08 AM IST
प्रशांत कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौन
विज्ञापन
घरों से उठता धुंआ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी के जालौन जिले में सिरसाकलार क्षेत्र के ग्राम बड़ी मड़ैया में शनिवार दोपहर कूड़े के ढेर से निकली एक चिंगारी से कच्चे घर में आग लग गई। इसके बाद आग ने गांव में ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते पांच घंटे के भीतर करीब डेढ़ दर्जन घर जल गए। इसमें तीन जानवरों की भी मौत हो गई जबकि पांच जानवर झुलस गए।
विज्ञापन


आग की लपटों से घर का सामान बचाने के प्रयास में गांव की एक महिला भी झुलस गई। काफी देर बाद जब दमकल पहुंची तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया गया। फिर भी देर शाम तक कच्चे घरों से धुआं उठ रहा था और दीवारें सुलग रही थीं। सूचना पाकर थाना पुलिस व तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए।


सुबह करीब 11 बजे के आसपास गांव निवासी शेर सिंह के घर के बाहर बने बाड़े के पास पड़े घूरे से चिंगारी निकली और देखते ही देखते उसने बाड़े में आग लग गई। आग की लपटों से घिरे एक जानवर ने जैसे तैसे जंजीर तोड़ी और जलता हुआ तालाब के पास पहुंचा, लेकिन पानी न होने के कारण वह भी गंभीर हालत में पड़ा रहा।

विज्ञापन

कुछ ही देर में लपटों ने किसान बलवान सिंह के घर को घेर लिया

आग ने शेर सिंह के कच्चे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। घर की महिलाएं व बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। इससे पहले गांव वाले कुछ समझ पाते शेर सिंह के मकान से धधकती आग ने पड़ोस में रह रहे सगे भाई केदार, राकेश, श्रीकृष्ण के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

शेर सिंह की गृहस्थी की तरह ही तीनों भाइयों के बिस्तर, कपड़े, बर्तन और अनाज जलकर राख हो गया। इस दौरान गांव में हो-हल्ला मचना शुरू हो गया। इसकी सूचना पुलिस के साथ-साथ दमकल को भी दी गई। ग्रामीणों ने ही बाल्टियों से पानी भरकर मकानों पर डालना शुुरू कर दिया, लेकिन आग थी कि थमने की बजाए बढ़ती ही जा रही थी।

कुछ ही देर में लपटों ने किसान बलवान सिंह के घर को भी घेर लिया। घर से जेवर नगदी निकालने के प्रयास में बलवान की पत्नी मीरा (40) भी झुलस गई। उसे फौरन ही अस्पताल भेजा गया। आग से तबाही का सिलसिला यहां भी नहीं थमा। काफी देर बाद करीब एक बजे आई दमकल की एक गाड़ी के सामने ही रामप्रकाश का छप्पर से बना घर मलखान सिंह, जगदीश, राकेश, कप्तान, मुखिया और अयोध्या प्रसाद आदि के कच्चे घर आग से घिरे रहे।
विज्ञापन

आग ने किसान केदार और रामप्रकाश के अरमानों पर पानी फेर दिया

ग्रामीण और दमकल कर्मी करीब तीन बजे के आसपास आग पर काबू पा सके। आग से लाखों के नुकसान की आशंका जताई गई है। जिसमें तीन जानवरों की भी मौत हुई है। सूचना पर पहुंचे कालपी के तहसीलदार, सालिगराम ने  ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सर्वे कराकर नुकसान की भरपाई की जाएगी। 


गुस्साए गामीणों का कहना है कि गांव के सभी तालाब सूखे पड़े हैं। यदि आज उनमें पानी होता तो शायद इतना नुकसान न होता। कई बार अधिकारियों से इन तालाबों को भरवाने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नही हुई।

कालपी से आई दमकल की गाड़ी का पानी कुछ ही देर में खत्म हो गया। जबकि लपटें बढ़ती ही जा रही थीं।तभी ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली चालू कराकर अपने-अपने सबमर्सिबल से दमकल की गाड़ी के टैंक में पानी भराया और फिर कहीं जाकर आग पर काबू पाया गया।

गांव में लगी भीषण आग को भले ही समय पर पानी न मिला हो लेकिन इस आग ने किसान केदार और रामप्रकाश के अरमानों पर जरूर पानी फेर दिया। केदार की बेटी की और रामप्रकाश के बेटे की शादियां होनी थीं जिनके लिए रखा गया कीमती सामान भी जलकर राख हो गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें