कोरोना केसों के मद्देनजर बनाए गए हॉटस्पॉटों में से पांच हॉटस्पॉट शुक्रवार से ग्रीन जोन में तब्दील हो जाएंगे। इससे 50 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी। यहां पुलिस प्रशासन की पाबंदी खत्म होगी। लेकिन लॉकडाउन के नियमों का पालन करना होगा। गुरुवार देर रात पुलिस, प्रशासन और चिकित्सा विभाग के अफसरों ने बैठक कर यह निर्णय लिया।
डीआईजी अनंत देव ने बताया कि हॉटस्पॉट पुलिस लाइन, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कैंपस, बेकनगंज, जूही परमपुरवा और जाजमऊ पुलिस चौकी इलाके से पिछले 21 दिन से भी अधिक समय से कोई नया केस नहीं आया है। इसलिए इन पांचों हॉटस्पॉट को खत्म कर दिया गया है। ग्रीन जोन बनने से यहां का माहौल अन्य इलाकों की तरह आम हो जाएगा। आवश्यक वस्तुओं समेत अन्य दुकानों को भी खोलने की अनुमति होगी। शहर में अब कुल 14 हॉटस्पॉट बचे हैं। डीआईजी ने बताया ग्रीन जोन के लोगों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकल सकेंगे। सोशल डिस्टेसिंग, बाइक पर एक और कार में ड्राइवर समेत तीन लोग बैठने का नियम मानना पड़ेगा। अगर नियमों का उल्लंघन होता है तो एफआईआर दर्ज की जाएगी।