शहर के नामचीन होटल पंडित प्राइवेट लिमिटेड लाजपत नगर की मिठाई और पनीर जांच में मिलावटी (अधोमानक) निकले हैं। अन्य चार खाद्य पदार्थों के सैंपल भी फेल हैं। इन सभी के खिलाफ अब एडीएम सिटी अविनाश सिंह की कोर्ट में मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे।
पिछले साल चार अक्तूबर को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहीत अधिकारी शाहनवाज हैदर आब्दी, फूड इंस्पेक्टर सलिल सिंह, संजय सिंह, अरुण कुमार और दिनेश चंद्र ने लाजपत नगर स्थित पंडित होटल में छापा मारा था। टीम को किचन में भारी गंदगी मिली थी।
खाद्य सामग्री पर कॉकरोच टहल रहे थे। उबाले गए कई आलू सड़े मिले थे। बाद में टीम ने पालिश लगी मसूर की दाल, पनीर और मिठाई का सैंपल भरा था। तीनों सैंपल लखनऊ स्थित प्रयोगशाला में जांच को भेजे गए थे।
अभिहीत अधिकारी शाहनवाज हैदर आब्दी ने बताया कि होटल पंडित लाजपत नगर से लिए गए काजू स्ट्राबेरी स्वीट और पनीर के सैंपल फेल निकले हैं।
लखनऊ प्रयोगशाला से इनकी रिपोर्ट आ गई है। जांच में इन दोनों सैंपल को अधोमानक (मिलावटी) बताया गया है।
इसी तरह विजय व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड जेड स्क्वायर से 18 सितंबर 2014 को लिया गया पनीर टिक्का, रघुवीर सहाय बर्रा की दुकान से 27 सितंबर 2014 को लिया गया खोवा और महाराजपुर के छोटे की दुकान से 11 सितंबर को लिया गया।
चाय की पत्ती का सैंपल फेल यानी अधोमानक निकला है। मालवीय विहार कर्रही रोड बर्रा की दुकान से 17 अगस्त को लिया गया बर्फी का सैंपल अधोमानक निकला है।