फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अस्पताल बंद तो कहीं देरी से शुरू हुआ वैक्सीनेशन

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए अस्पतालों में सुबह नौ बजे से टीकाकरण करने के निर्देश हैं। इसके बावजूद चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। शनिवार को हवासपुर सीएचसी में साढ़े दस बजे तक ऑपरेटर नहीं पहुंचा।
विज्ञापन

इसके कारण टीकाकरण शुरू नहीं हो सकी। यहां पर 11 बजे टीकाकरण शुरू हुआ। वहीं बड़ागांव पीएचसी कई दिनों से बंद चल रही है। जिस कारण वहां पर टीकाकरण नहीं हो सका। उधर जानकारी के अभाव में ऑनलाइन पंजीकरण कराए बिना टीकाकरण के लिए अस्पताल पहुंचे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
देर से आया ऑपरेटर, 11 बजे शुरू हुआ टीकाकरण
संदलपुर। हवासपुर सीएचसी में शनिवार को ऑपरेटर के समय से नहीं आने से दो घंटा टीकाकरण रुका रहा। इस दौरान टीके लगवाने के लिए आए बुजुर्ग व अन्य लोगों को इंतजार करना पड़ा। स्टाफ कर्मियों ने बताया कि टीके लगवाने के लिए आने वाले लोगों के नाम व अन्य ब्योरा ऑपरेटर प्रवेंद्र शुक्ला कंप्यूटर पर फीड करता है। इसके बाद लोगों का टीकाकरण किया जाता है।
विज्ञापन

कंप्यूटर पर पंजीकरण का काम नहीं होने से टीके लगाने का काम प्रभावित रहा। ऑपरेटर के आने पर 11 बजे टीके लगना शुरू हुआ। यहां 21 लोगों को वैक्सीन की पहली तथा 32 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई।
सीएचसी के डॉ. केदारनाथ ने बताया कि प्राइवेट ऑपरेटर काम कर रहा है। वह शनिवार को अस्पताल आने में आनाकानी कर रहा था। जानकारी होने पर अस्पताल कर्मियों को भेजकर उसे बुलवाया गया। 11 बजे ऑपरेटर के आने पर टीका लगाना शुरू हुआ।
टीके लगवाने के लिए पहुंचे बुजुर्गों से नोंकझोंक
राजपुर। कस्बे की पीएचसी में कोरोना टीका लगवाने के लिए शनिवार को काफी लोग पहुंच गए। इस दौरान कई बुजुर्ग बिना पंजीकरण कराए पहुंच गए तो स्वास्थ्य कर्मियों से टीका लगाने से इनकार कर दिया। इस पर बुजुर्गों व स्वास्थ्य कर्मियों में नोंकझोंक हो गई। बाद में इन बुजुर्गों को मायूस होकर लौटना पड़ा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. डीके सिंह ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
उन्होंने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे तक 63 लोगों का टीकाकरण हुआ। बिना पंजीयन के आए बुजुर्गों को पूरी प्रक्रिया समझाई गई है। ऑनलाइन पंजीकरण जनसेवा केंद्र पर हो रहा है। वहीं कई गांवों में जनसेवा केंद्र नहीं है। ऐसे में बुजुर्ग ऑनलाइन पंजीयन को लेकर चिंतित हैं। दमनपुर गांव के रामसुमिरन सिंह ने बताया कि आधार कार्ड लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन टीका नहीं लगा।
अब ऑनलाइन पंजीयन कराने को कहा गया है। इसके लिए दूसरे गांव तक जाना होगा। वहीं रवींद्र सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पंजीयन न होने की वजह से नहीं लगा। अनवा गांव के राम लखन ने बताया कि खेत का काम छोड़कर टीका लगवाने पीएचसी गए थे। वहां पंजीयन कराने को कहा गया। इसी तरह राजपुर की वृद्धा मेधा, बैना गांव की उर्मिला देवी व भाल की जनक दुलारी ने बताया कि ऑनलाइन पंजीयन नहीं होने से टीका नहीं लग सका।
रसूलाबाद व रनियां में दो सौ लोगों को लगा टीका
कानपुर देहात। जिले के अन्य टीकाकरण सेंटर पर शनिवार को टीकाकरण कराया गया। रसूलाबाद में सौ लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि शाम तक 100 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। एएनएम पूजा ने टीके लगाए। रूरा कस्बा स्थित सीएचसी में कोविड टीकाकरण नियमित रहा।
प्रभारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि शनिवार को 30 लोगों को टीके की पहली डोज व 33 को दूसरी डोज लगाई गई। टीके उपलब्ध हैं। रनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को सौ लोगों को टीका लगा। सुबह नौ बजे से यहां टीके लगना शुरू हो गए। पीएचसी प्रभारी डॉ. विशाल भासिम ने बताया कि शाम तक सौ लोगों का टीकाकरण हुआ।
वहीं सरवनखेड़ा पीएचसी में 13 लोगों को पहली व 47 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हर्ष मोहन ने बताया कि ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले 45 वर्ष के ऊपर के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। डेरापुर सीएचसी में शनिवार को 27 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें सात लोगों को पहली डोज दी गई।
फिर बंद मिला बड़ागांव भिक्खी अस्पताल, भटके मरीज
डेरापुर। बड़ागांव भिक्खी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शनिवार को फिर से बंद मिला। इससे यहां इलाज व टीकाकरण के लिए पहुंचने वाले मरीजों को भटकना पड़ा। सीएचसी अधीक्षक ने पीएचसी प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब करने की बात कही है। बड़ागांव भिक्खी पीएचसी में प्रभारी डॉक्टर सुनीता गुप्ता तैनात हैं। यहां फार्मासिस्ट मोहम्मद आलम, वार्ड ब्वाय पंकज व शिवम कटियार की तैनाती है।
शनिवार को अस्पताल में ताला बंद होने से इलाज व टीकाकरण के लिए आए लोग मायूस होकर लौट गए। डेरापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि पीएचसी प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा। फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय एवं नर्स को कोविड ड्यूटी में लगाया गया गया है। डॉक्टर को अस्पताल पहुंचना चाहिए।
285 लोगों को लगाया गया टीका
पुखरायां। सीएचसी पुखरायां व देवीपुर सहित पीएचसी बरौर, जरसेन, मूसानगर में शनिवार को 295 लोगों को टीका लगाया गया। डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि पुखरायां सीएचसी में 138 व मूसानगर पीएचसी में 98 लोगों के टीका लगाया गया। मलासा के डॉ. विकास कुमार ने बताया देवीपुर सीएचसी में 39, पीएचसी बरौर व जरसेन में 10-10 लोगों को टीका लगाया गया है। वैक्सीनेशन एएनएम रेनू सचान, पुष्पा देवी, रीता ने किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें