भाल गांव के उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते एसडीएम।
- फोटो : AKBARPUR
राजपुर। भाल गांव के जर्जर उप स्वास्थ्य केंद्र की सूरत बदलने के लिए गांव के युवाओं ने बीड़ा उठाकर साफ-सफाई का काम शुरू किया था। सीडीओ ने संज्ञान में लेकर सचिव व जेई को मौके पर जाकर स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। जेई व सचिव ने ढाई लाख रुपये का स्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव भेज दिया है। वहीं एसडीएम सिकंदरा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
राजपुर ब्लाक क्षेत्र के भाल गांव में लोगों की स्वास्थ्य समस्या को देखते हुए वर्ष 2006 में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाया। गया था, जो देखरेख के अभाव में जर्जर हो गया। गांव के लोगों ने शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शुक्रवार को गांव के युवा सिद्धेश्वर त्रिपाठी के नेतृत्व में 12 अन्य युवा उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और उसके सुंदरीकरण का बीड़ा उठाया। यहां तक की युवाओं ने इसके लिए चंदा भी जुटा लिया। पहले दिन गांव के लोगों साफ-सफाई की। अमर उजाला ने 18 जुलाई को खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। सीडीओ जोगिंदर सिंह ने संज्ञान में लेते हुए सचिव को मौके पर जाने के निर्देश दिए। सचिव कमल किशोर जेई आरके दुबे के साथ शनिवार को उप स्वास्थ्य केंद्र भाल पहुंचे। वहां सफाई कर्मियों से परिसर की सफाई कराई। रविवार को सिकंदरा एसडीएम रमेश चंद्र मौके पर पहुंचे। वहां ग्रामीणों ने उपस्वास्थ्य केंद्र के हालत की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि विमल कटियार ने बताया कि केंद्र के बगल में एक देशी शराब का ठेका है। इस लिए केंद्र पर शराबियों का जमावड़ा बना रहता है। एसडीएम ने आबकारी को पत्र लिखे जाने की बात कही। एडीओ पंचायत मधुलता आदित्य ने बताया कि केंद्र का कायाकल्प योजना के तहत सुंदरीकरण कराया जाएगा। जेई आरके दुबे ने बताया कि सुंदरीकरण के लिए ढाई लाख का स्टीमेट तैयार का प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।