ट्रक से भिड़ा ट्राला, एक की मौत 12 घायल
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के कानपुर में प्रवासी श्रमिकों को नोएडा से प. बंगाल लेकर जा रहे ट्राला में मंगलवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ददिखा गांव के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में सात साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हैं।
सीएचसी बिल्हौर में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हैलट भेजा गया है। मंगलवार रात ट्राला जब उन्नाव सीमा पहुंचा तो चालक ने देखा कि सीमा सील है और पुलिस खड़ी है। इस पर चालक ने ट्रक को लखनऊ इटावा राजमार्ग पर बांगरमऊ उन्नाव की ओर मोड़ दिया।
तभी बिल्हौर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने ट्राला में सामने से टक्कर मार दी। हादसे से चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों और पुलिस ने ट्राला से श्रमिकों को बाहर निकाला। तब तक जियालाल के सात वर्षीय बेटे जुगान की मौत हो चुकी थी।
इंस्पेक्टर बिल्हौर संतोष अवस्थी ने बताया कि हादसे में मंजू, राजू, कोहिनूर बानो, अब्दुल करीम, लुफर, रूहल, सोहल, अखतनिया, मुनव्वर आदि घायल हो गए। ये लोग नीमपुर थाना जिला दक्षिण दिनेशपुर पं. बंगाल के हैं। ट्राला का चालक रामकुमार निवासी ककवन भी घायल हो गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. एके तिवारी ने बताया कि चार लोगों को कानपुर हैलट रेफर किया गया है।