कानपुर अलीगढ़ हाईवे पर मानीमऊ के पास डीसीएम और कार की सोमवार सुबह करीब चार बजे भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मानीमऊ के एक कोल्ड स्टोर के सामने कानपुर की ओर जा रही कार डीसीएम से भिड़ गई। हादसे में कार में सवार कानपुर के शिवाली थाना के पुरादेव निवासी विशाल (33) और उनके साथी कानपुर नगर के मजबूत नगर पिहानी के अम्बर कटियार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कार में मिले मोबाइल से हादसे की जानकारी परिजनों को दी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया है। कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।