हर साल देश में अन्नदाताओं पर प्रकृति अपना कहर बरपाती है। ऊपर से किसानों के लिए अब बड़ी मुसीबत बनते जा रहे है दबंग। यूपी में ही रोजाना दो-चार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं जिनमें किसी न किसी दबंग की करतूत से तंग आकर किसान आत्महत्या तक करने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला जालौन में सामने आया है।
एक किसान के खेत में दबंगों के अन्ना जानवर छोड़े जाने से पूरी फसलें बर्बाद हो गई। पशुओं के खेतों में घुसने की शिकायत करने पर पशुपालक मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित किसानों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। ऐसे कई किसान हैं जिन पर गांव के दबंगों ने अपना जुल्म ढाया है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम खर्रा निवासी सिरोवन सिंह, उमाशंकर, रामभरत, गुरूदयाल, राजेंद्र सिंह, ज्ञान सिंह, मोहनदास, धर्मेंद्र सिंह, खचेरे आदि सहित लगभग आधा सैंकड़ा से अधिक किसानों ने उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद यादव को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि गांव के ही दबंग पशुपालक हरदास, सुरेंद्र कुमार, सुरेश विश्वकर्मा, मूलू व बड़े लला अपने जानवरों को अन्ना छोड़ देते हैं।
ये अन्ना जानवर खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इसके चलते किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा हैं। यही नहीं, जब किसान इन दबंगों से पशुओं को अन्ना छोड़ने से मना करते हैं तो वह गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो जाते हैं।