कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र के मीरपुर कैंट में झोलाछाप कर चिढ़ाने पर एक होम्योपैथिक डॉक्टर ने पेट्रोल डाल खुद को आग लगा ली। आग के गोले की तरफ सड़क पर दौड़ने लगे। फिर क्लीनिक में घुस गए। जिससे वहां भी आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने आग बुझाई और डॉक्टर का निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कुछ देर बाद परिजन अस्पताल से डॉक्टर को लेकर चले गए। फिलहाल वर्तमान में वह कहां भर्ती हैं, इसकी जानकारी पुलिस को भी नहीं है। चकेरी के लाल बंगला निवासी होम्योपैथिक डॉक्टर इंद्रजीत सिंह का मीरपुर कैंट में क्लीनिक है। उनके साथ उनका डॉक्टर लड़का संदीप सिंह भी क्लीनिक पर बैठता है।
रेलबाजार इंस्पेक्टर दधिबल तिवारी ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे क्लीनिक पर संदीप व कंपाउंडर प्रदीप था। तभी अचानक पेट्रोल डाल संदीप ने खुद को आग लगा ली। आग लगाते ही वह बाहर दौड़े। आग के गोले की तरह संदीप को देख इलाकाई लोग दहशत में आ गए। लोग पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे।