कानपुर साइबर सेल ने शनिवार को साइबर ठग के गिरोह का भंडाफोड़ कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों में एक महिला व एक फर्जी आधार बनाने वाला दुकानदार भी शामिल है।
गिरोह के लोग सिम स्वैप करवाकर रणजी खिलाड़ी अल्मास शौकत समेत तीस से अधिक लोगों के खातों से तकरीबन 25 लाख रुपये पार कर चुके हैं। हैरानी की बात ये है कि सभी साइबर ठग महज 10वीं या 12 वीं कक्षा ही पास हैं।
एसपी क्राइम राजेश यादव ने बताया कि श्रीनगर, शुक्लागंज (उन्नाव) निवासी प्रदीप कुमार सिंह उर्फ हिमांशु, अंकित सिंह उर्फ सोनू, ब्रह्मनगर, शुक्लागंज के दुर्गेन्द्र मिश्रा उर्फ छोटू उर्फ जंगली, प्रेम नगर शुक्लागंज की किरन शुक्ला व सिविल लाइंस कानपुर के सुखेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। आरोपियों ने केनरा बैंक, माल रोड के खाताधाराकों को निशाना बनाया। दुर्गेन्द्र गिरोह का सरगना है। आरोपियों के पास से ठगी की रकम से खरीदा गया ई-रिक्शा, एक बाइक, पांच मोबाइल व कुछ फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए।