रसूलाबाद। पुलिस कर्मी को टक्कर मारकर भाग रहे कार सवार को पुलिस ने पकड़ लिया। कार की तलाशी के दौरान तीन किलो गांजा व 17,600 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
गुरुवार की शाम रसूलाबाद कस्बे में तैनात सिपाही बृजेश और होमगार्ड रामविलास सीएचसी से कोरोना वैक्सीनेशन कराने के बाद लौट रहे थे। आजाद चौकी के पास कार ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को सूचना मिली कि उक्त कार विसधन रोड पर जोत की तरफ गई है। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। सीओ राम शरण ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा की टीम न कार को वैरगरा गांव के पास पकड़ लिया। कस्बा के तुलसी नगर, रसूलाबाद निवासी आकाश गिहार कार चला रहा था। तलाशी में कार से तीन किलो गांजा व 17600 रुपये बरामद हुए।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह कानपुर से गांजा लाकर रसूलाबाद क्षेत्र में बेचने की फिराक में था। पुलिस कार की जांच में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश किया गया। वहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।