कानपुर में करोड़ों की जमीन कब्जाकर बेचने वाले फरार हिस्ट्रीशीटर रामदास के बेटे राजेंद्र को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इसकी जानकारी जब परिजनों को लगी तो उन्होंने ग्रामीणों को भड़काकर थाने का घेराव कर हंगामा किया।
करीब दो घंटे के हंगामे के बाद अधिकारी ग्रामीणों को समझा पाए। कटरी शंकरपुर सरांय गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान रामदास सैकड़ों बीघा सरकारी जमीन कब्जा कर बेच चुका है। पुलिस की शूटिंग रेंज की जमीन भी उसने कब्जा ली थी।
तीन दिन पहले पुलिस ने शूटिंग रेंज की जमीन खाली कराकर रामदास, उसके बेटे राजेंद्र समेत पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की थी। इसी मामले में कोहना पुलिस ने राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद परिजन ग्रामीणों को लेकर कोहना थाने पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस से भी अभद्रता की। सीओ कर्नलगंज दिनेश कुमार शुक्ला समेत कई थानों का फोर्स पहुंचा तब ग्रामीणों को शांत कराया जा सका।