यूपी के उरई (जालौन) जिले में पुलिस पर फायरिंग व कुत्ते छुड़वाकर फरार होने वाले वारंटी बीडीसी अनारसिंह की तलाश में नदीगांव पुलिस अब मध्य प्रदेश जाने का मन बना रही है। पुलिस की मानें तो संभव है कि वारदात के बाद अनार सिंह मध्य प्रदेश में अपने किसी करीबी रिश्तेदार के घर शरण लेने पहुंच गया हो। दो एक दिन में पुलिस की टीम अनार सिंह की तलाश में रवाना होगी। एसपी अरविंद चतुर्वेदी का कहना है कि आरोपी व उसके साथियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
मालूम हो कि तीन दिन पहले नदीगांव पुलिस वारंटी अनार सिंह को पकड़ने पहुंची तो उसके समर्थकों ने पुलिस पर न सिर्फ फायरिंग की, बल्कि खूंखार कुत्ते छोड़ दिए थे। इस पर पुलिस टीम को जान बचाना मुश्किल पड़ गया था। इस बीच समर्थक अनार सिंह को छुड़ाकर भाग निकले थे।