कानपुर के हैलट अस्पताल में डॉक्टरों ने 12 वर्षीय बच्ची के टूटे कूल्हे और बाहर निकली आंत की सर्जरी कर उसे जीवनदान दिया। 28 जनवरी को गल्ला मंडी निवासी 12 वर्षीय बच्ची अपने पिता के साथ प्राइवेट अस्पताल से रेफर होकर हैलट इमरजेंसी में आई थी। पिता ने बताया कि ट्रैक्टर का पहिया चढ़ने से बेटी के कूल्हे की हड्डी टूट गई थी, साथ ही आंत भी बाहर आ गई थी। ईएमओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने प्राचार्य डॉ. संजय काला, प्रमुख अधीक्षक डॉ. आर के सिंह को सूचित किया।
इसके बाद एक टीम को बच्ची के इलाज के लिए लगाया गया।अस्थि रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार और पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. आर के त्रिपाठी, एनेस्थीसिया विभाग के रेजिडेंट डॉ. दिव्य, आशुतोष, शिवानी सहित पूरी टीम ने सफल सर्जरी कर मरीज की जान बचाई। मरीज की हालत स्थिर है। प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि मरीज के परिजनों से बातचीत कर उन्हें अस्पताल से सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। परिजन संतुष्ट हैं और उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन को धन्यवाद दिया है।