फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बर्रा से अपहृत छात्रा की छत्तीसगढ़ में मौत

Mon, 13 Jul 2015 01:23 AM IST
अमर उजाला कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बर्रा से एक हफ्ते पहले अपहृत 11वीं की छात्रा की छत्तीसगढ़ के रायपुर में आग से जलकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर पुलिस और परिजन रायपुर के लिए रवाना हो गए हैं। छात्रा की मौत पर परिजनों ने बर्रा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
विज्ञापन


परिजनों का कहना है कि वे पिछले तीन दिन से छात्रा की लोकेशन की जानकारी पुलिस को दे रहे थे, लेकिन पुलिस ने उसे तलाशने का कोई प्रयास नहीं किया। बर्रा-6 निवासी नरेंद्र गुप्ता की बेटी शिवानी (15) पांच जुलाई की शाम सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था। नरेंद्र ने छह जुलाई को थाने में अज्ञात के खिलाफ बेटी को अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

छात्रा के परिजनों का कहना है कि 10 जुलाई की दोपहर रायपुर स्थित गरियाबंद रावनभाटा क्षेत्र निवासी राकेश देवांगन ने क्षेत्र के पार्षद सुरजीत सचान को फोन कर बताया कि ‘शिवांगी’ नाम की एक लड़की, जो खुद को बर्रा क्षेत्र का बता रही है, उन्हें कटनी स्टेशन पर मिली है। उसके साथ कुछ और लोग भी थे, जो लड़की को छोड़कर चले गए हैं।
विज्ञापन


उसके परिजनों को जानकारी कर दें, ताकि वे उसे ले जा सकें। इसके बाद किसी तरह पार्षद ने शिवानी के परिजनों का पता किया और फिर राकेश व शिवानी के परिजनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई। छात्रा के चाचा महेंद्र के मुताबिक 10 जुलाई की रात को ही चौकी पुलिस को राकेश के फोन की जानकारी देने के बाद शिवानी के ताऊ वीरेंद्र, मां सुधा व अन्य परिजन रायपुर के लिए रवाना हो गए।

अभी वे लोग रायपुर पहुंच भी नहीं पाए थे कि शनिवार की दोपहर राकेश ने चाचा के फोन पर बताया कि लड़की ने उसके घर के बाथरूम में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली है। उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके कुछ देर बाद राकेश का फिर फोन आया की सरकारी अस्पताल ले जाते वक्त शिवानी की रास्ते में मौत हो गई है।

चाचा महेंद्र के मुताबिक शिवानी के बारे में मिलने वाली पल-पल की जानकारी से मामले की विवेचना कर रहे जनता नगर चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव को अवगत कराया जा रहा था, लेकिन पुलिस  शनिवार तक लापरवाह बनी रही। रविवार की दोपहर पुलिस की टीम रायपुर के लिए रवाना हुई।

थानाध्यक्ष संतोष सिंह का कहना है कि उन्हें रविवार को ही छात्रा की मौत की जानकारी हुई है। छात्रा रायपुर कैसे पहुंची और उसकी मौत किन हालातों में हुई, इसकी जानकारी टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही हो सकेगी।
मौत से पहले शिवानी के मजिस्ट्रेट ने बयान भी लिए हैं, लिहाजा मौत का कारण तो स्पष्ट हो ही जाएगा। राकेश को हिरासत में लेकर वहां की पुलिस पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें