फर्रुखाबाद के डा.राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल की इमरजेंसी में गुरुवार रात पति-पत्नी में जमकर तूतू-मैंमैं हुई। पति ने यूपी-112 पर फोन किया कि पत्नी ने बेटी और पिता को विषाक्त पदार्थ खिला दिया है। पुलिस अस्पताल पहुंची, तो पत्नी भी आ धमकी। विवाद की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक सीएमएस ने पहुंचकर फटकार लगाई, तब मामला शांत हुआ।
आधी रात को महिला ने पुत्री को उसके बाबा के पास लिटा दिया और चली गई। शहर से कुछ दूरी पर बेवर रोड स्थित गांव धन्सुआ निवासी कोल्ड स्टोरेज कर्मी की तीन साल की पुत्री को बुधवार शाम पांच बजे बर्रइया ने काट लिया। चेहरे पर सूजन आने से उसकी आंखें बंद हो गईं और बेहोशी छा गई। मां ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।