संवाद न्यूज एजेंसी
रसूलाबाद(कानपुर देहात)। कानपुर-रसूलाबाद मार्ग पर अंगदपुर के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार कार सामने से एक डबल डेकर बस में जा टकराई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार से उन्हें निकाल कर सीएचसी लाए। जहां से दोनों को हैलट रेफर कर दिया गया। देर रात हैलट में उपचार के दौरान एक की मौत हो गई।
कानपुर के विकास नगर कल्याणपुर निवासी अजय सिंह (35) अपने साथी विजय सिंह (47) के साथ बिधूना गए थे। मंगलवार शाम छह बजे के करीब दोनों कार से बिधूना की ओर से आ रहे थे। अंगदपुर के पास पहुंचने पर उनकी कार लहराते हुए कानपुर की ओर से आ रही डबल डेकर बस से जा टकराई। हादसे में कार व बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज के साथ कार टकराने पर लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। इधर बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। पुलिस के पहुंचने पर कार में फंसे दोनों को बाहर निकाल कर सीएचसी रसूलाबाद पहुंचाया गया। यहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉ. एन चंद्रा ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर हैलट रेफर कर दिया। यहां देर रात इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। वहीं मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी कहिंजरी योगेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले बस में सवार लोग अन्य वाहनों से गंतव्य की ओर चले गए। किसी को चोट नहीं आई थी। हादसे के बाद बस के चालक व परिचालक गायब मिले।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बस में 15 के करीब लोग सवार थे। बस के कानपुर से दिल्ली जाने की बात पता चली है। थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। परिवार के लोगों को जानकारी दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।