कानपुर। बीएनएसडी इंटर कॉलेज में तीन मई को होने वाली नीट-यूजी से पहले शनिवार को केंद्र व्यवस्थापक को बदल दिया गया। अब जीआईसी भौंती के प्रधानाचार्य हेमंत कुमार को नया केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया गया है। इससे पहले बीएनएसडी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अमर सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
पिछले दिनों होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान बीएनएसडी इंटर कॉलेज में प्रश्नपत्र लीक करने की कोशिश का मामला सामने आने के बाद नीट-यूजी से पहले केंद्र और व्यवस्थापक को लेकर सवाल उठने लगे थे। एडीएम विवेक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
जिले में नीट परीक्षा के लिए कुल 43 केंद्र बनाए गए हैं जहां 21,843 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बीएनएसडी में 22 जैमर लगाए गए हैं और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा संचालन के लिए 84 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है।
प्रकरण में प्रधानाचार्य अमर सिंह के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर प्रबंधन समिति से अभी कोई जवाब नहीं मिला है। जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार राय ने बताया कि प्रशासनिक पत्राचार के बाद केंद्र व्यवस्थापक बदला गया है। इस संबंध में प्रबंधक को पत्र भेजा गया था। अब प्रबंधन समिति के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।