संदलपुर (कानपुर देहात)। कस्बे के गढ़िया गांव में रविवार की शाम को घर के बाहर खेलते समय दो बच्चों ने जेट्रोफा के फल खा लिए। कुछ देर में उनकी हालात बिगड़ गई। उल्टी-दस्त होने पर परिजनों ने दोनों को सीएचसी हवासपुर में भर्ती कराया। जहां हालत स्थिर बनी हुई है।
थाना मंगलपुर क्षेत्र के गढ़िया गांव निवासी रहीस अहमद का बेटा निहाल अली (2) और उनके भाई इमरान की लड़की सुलेखा (3) शाम सात बजे घर के बाहर खेल रहे थे। घर के बाहर जेट्रोफा के पेड़ लगे हैं। सुलेखा ने जमीन में पड़ा जेट्रोफा फल खाया तो निहाल अली ने चचेरी बहन से फल लेकर खा लिया। कुछ देर में दोनों को उल्टी दस्त शुरू हो गए। हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल दोनों बच्चों को सीएचसी हवासपुर में भर्ती कराया। सीएचसी के प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि दोनों बच्चों की हालत स्थिर है। नजर रखने के साथ जरूरी उपचार किया जा रहा है।