झींझक। गौरी मोड़ से लगरथा गांव तक जिला पंचायत से बनाए गए करीब दो किलोमीटर संपर्क मार्ग पर अब भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। सड़क को लगातार भारी वाहनों से हो रहे नुकसान की शिकायतों के बाद जिला पंचायत ने मंगलवार को मार्ग पर हाइट गेज (अवरोधक) लगवा दिया। इससे छोटे वाहन तो गुजर सकेंगे लेकिन अधिक ऊंचाई वाले भारी वाहनों का आवागमन नहीं हो सकेगा।
सिकंदरा-झींझक मार्ग पर गौरी मोड़ से लगरथा गांव को जोड़ने वाला यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। सड़क निर्माण के बाद से ही इस पर बड़े और भारी वाहनों का आवागमन शुरू हो गया था। क्षमता से अधिक भार वाले वाहनों के गुजरने से सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने लगी थी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मामला जिला पंचायत अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद कर्मचारियों ने मंगलवार को मार्ग पर हाइट गेज स्थापित किया। इसकी ऊंचाई इस तरह निर्धारित की गई है कि छोटे और सामान्य वाहन आसानी से निकल सकें जबकि भारी वाहनों को रोका जा सके। स्थानीय भूरा यादव, सुरेश, अवनीश, संजय आदि लोगों ने हाइटगेज लगाए जाने की पहल का स्वागत किया। उनका कहना है कि इससे सड़क को लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और मरम्मत पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी कम होगा। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुरेश कुमार ने बताया कि सड़क उखड़ने से बचाने के लिए और माल वाहक वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाइट गेज लगवाया गया है।