नौबस्ता बसंत विहार में खुले नाले में गिरी वैन को निकलते लोग।
- फोटो : amarujala
कानपुर साउथ। बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक रुक-रुककर हुई बारिश के बाद हुए जलभराव से गुुरुवार को साउथ सिटी के लोगों पर आफत आई। सड़कों पर भरा पानी घरों तक घुस गया। कई मोहल्ले पूरी तरह जलमग्न रहे। जगह-जगह जाम लगा। फजलगंज की ओर निर्माणाधीन पुल की एक तरफ की सर्विस लेन पर पानी भरने से वाहन दूसरी सर्विस लेन से ही आने और जाने लगे। इस कारण इस लेन पर भीषण जाम लगा। जूही पुल पर जलभराव होने से वाहन नया पुल पहुंचे तो यहां भी जाम लग गया। वहीं दादानगर क्राॅसिंग बंद होने के बाद दोनों ओर का ट्रैफिक पुल से गुजरने लगा तो यहां की भी ट्रैफिक व्यवस्था चौपट हो गई। यहां पर दो एंबुलेंस, पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की गाड़ियां भी जाम में फंसीं। जूही खलवा पुल भी बंद हो गया।
उधर, हैलट इमरजेंसी और वहां से मेन गेट की तरफ पानी भरने से सैकड़ों मरीजों, तीमारदारों को दिक्कतें हुईं। मोतीझील के अशोक नगर चौराहे से लेकर रावतपुर गांव, मसवानपुर, रोशन नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर खलवा (कल्याणपुर), इंद्रा नगर, पनकी, गदियाना, शहदुल्लापुर, शिवकटरा, आदि मोहल्लों में पानी भर गया। नगर निगम कंट्रोल रूम में भी जलभराव की शिकायतें आईं।
हादसों का सबब बने मैनहोल
कानपुर साउथ (ब्यूरो)। जगह-जगह खुले मैनहोल किसी दिन बड़े हादसे का सबब बन सकते हैं। दीप टॉकीज तिराहे से किदवई नगर गौशाला की तरफ आने वाली रोड पर दो जगह मैनहोल खुले हैं। इलाकाई लोगों ने कई बार जलकल विभाग और नगर निगम के अफसरों से शिकायत भी की, लेकिन मैनहोल पर ढक्कन नहीं लग पाया। बारिश के वक्त सड़क पर जलभराव के कारण मैनहोल नजर नहीं आते हैं। इसकी वजह से लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। आसपास के लोगों में एक मैनहोल को ईंटों से घेर दिया है, लेकिन दूसरा अभी खुला है। जलकल विभाग जोन-तीन के मंसूरी का कहना है कि जल्द खुले मैनहोलों में ढक्कन लगवा दिए जाएंगे।