हमीरपुर। जिले में शनिवार को कोरोना से दो बुजुर्गों की कुरारा स्थित एल-टू हॉस्पिटल में मौत हो गई। वहीं शनिवार को संक्रमितों की संख्या 59 रही। करीब 20 दिन बाद शनिवार को संक्रमितों की संख्या 100 से नीचे रही है।
कुरारा स्थित एल-टू हॉस्पिटल में भर्ती कोरोना संक्रमित उस्मान खान (71) और विद्या सागर (70) की मौत हुई है। उस्मान को पिछले एक मई को, जबकि विद्या सागर को सात मई को भर्ती कराया गया था। दोनों लोगों की मौत ऑक्सीजन लेवल नीचे जाने से हुई है। उधर, कुरारा ब्लाक के भौली गांव निवासी नरोत्तम सिंह (60) की कोरोना की चपेट में आने से शुक्रवार रात चित्रकूट में मौत हो गई। दस दिनों पूर्व कोरोना संक्रमित होने पर कुरारा स्थित एल टू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां से परिजन चित्रकूट के किसी अस्पताल में ले गए थे।
इसी तरह प्रांतीय खंड हमीरपुर का अतिरिक्त चार्ज लिए अधिशासी अभियंता बीबी अग्रवाल की कोरोना की चपेट में आने से इलाज के दौरान झांसी में मौत हो गई। लोक निर्माण विभाग के यह दूसरे अधिशासी अभियंता हैं, जिनकी कोरोना की वजह से मौत हुई है। वहीं शनिवार को 1394 सैंपल लिए गए। जिनमें 59 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। 228 रोगी ठीक होकर अपने घर गए हैं।