राजपुर पीएचसी के आरोग्य मेला में मरीज का इलाज करते डॉ.प्रियंक तिवारी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/राजपुर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे आरोग्य मेले में 3302 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान राजपुर पीएचसी में एक छह साल की बच्ची में नेफ्रोटिक सिंड्रोम के लक्षण मिले हैं। डाक्टरों ने जांच के लिए कानपुर हैलट जाने की सलाह दी। मेले में कुत्ते के काटने से जख्मी खसबरा गांव के चार लोग पहुंचे। हालत नाजुक होने पर दो को रेफर कर दिया गया।
रविवार को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे आरोग्य मेले में भीड़ उमड़ी। दोपहर में राजपुर के खासबरा गांव में कुत्ते के हमले से कमरुद्दीन के बेटे अयान, मनोज के बेटे यश, मनोज कुमार, सिमटामऊ की विद्यावती जख्मी हो गए। परिजन चारों को लेकर आरोग्य मेले में पहुंचे। डॉ. प्रियंक तिवारी ने प्राथमिक उपचार के बाद अयान और मनोज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मेले में बुधौली गांव की छह वर्षीय श्रेया को लेकर परिजन पहुंचे। बच्ची में नेफ्रोटिक सिंड्रोम बीमारी के लक्षण पाए गए। डॉ. प्रियंक तिवारी ने बताया कि बच्ची की यूरिन की जांच कराई गई। प्रोटीन की मात्रा अधिक पाई। अन्य जांचों के लिए मां पप्पी देवी को कानपुर के हैलट जाने की सलाह दी है। राजपुर में 65 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ. डीके सिंह, डॉ. पीके अग्रिहोत्री, फार्मासिस्ट अजीत कटियार, प्रतिमा त्रिपाठी, मुकेश शुक्ला आदि रहे।