कानपुर देहात। डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को मेडिकल कालेज कानपुर नगर से आई रिपोर्ट में पांच और मरीजों में डेंगू होने की पुष्टि हुई है। जिले में अब डेंगू मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 85 पहुंच गई है।
मानसून बारिश शुरू होने पर मच्छरजनित और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका जताकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से संवेदनशील गांवों की सूची पंचायती राज विभाग को सौंप दी गई थी। अफसरों की अनदेखी के चलते सफाई कर्मी कार्य में लापरवाही करते रहे। इसके चलते गांवों में गंदगी व जलभराव से मच्छरों का प्रकोप फैल गया और लोग डेंगू की चपेट मेें आने लगे। सोमवार को जिले के पांच और मरीजों में डेंगू पुष्टि की रिपोर्ट मेडिकल कालेज कानपुर से भेजी गई है।
संक्रामक रोग प्रभारी डा. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि झींझक निवासी संजय शर्मा, काशीपुर के सुनील, रनियां के बसंत लाल, उलना पोस्ट गलुवापुर तहसील डेरापुर के राघव प्रताप और निवासी निवादा जसवंतपुर निवासी साक्षी (दस माह) में डेंगू पॉजिटिव होने की रिपोर्ट भेजी गई है। इनका सत्यापन शुरू कराया गया है। संक्रामक रोग नोडल प्रभारी डा. एपी वर्मा ने बताया कि पांच और मरीजों के डेंगू पाजिटिव होने की रिपोर्ट मेडिकल कालेज से मिली है। सत्यापन व दवा के छिड़काव के लिए टीम भेजी जाएगी।