कानपुर। इंडियन इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क-2026 में अरबन सिटी के राज्य विश्वविद्यालयों की रैंकिंग जारी हुई है। एचबीटीयू देश में नंबर वन आया है, जबकि चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) को 21वां स्थान मिला है। यह रैंकिंग शिक्षण, अनुसंधान, प्लेसमेंट और उद्योग सहभागिता के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दी गई है।
आईआईआरएफ 2026 में विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट श्रेणी में रैंक जारी हुई। राज्य विश्वविद्यालय अरबन रीजन श्रेणी में ओवरआल इंडेक्स स्कोर के आधार पर एचबीटीयू 1000 में से 962.78 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय 920.48 अंक के साथ देश में 21वें स्थान पर है। जबकि 961.41 अंक के साथ पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ दूसरे और 960.58 अंक के साथ किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ तीसरे स्थान पर है।