कानपुर। कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की ओर से एचबीटीयू में स्कूली छात्रों के लिए दो दिवसीय यंग इंडियंस पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। यहां 16 स्कूलों के कक्षा नौ से 12 तक के दो सौ से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
यहां छात्रों ने गठबंधन की सरकार बनाई। शुभारंभ कुलपति प्रोफेसर शमशेर सिंह, अपर श्रमायुक्त सौम्या पांडेय, अपर पुलिस उपायुक्त अंजलि, कानपुर चैप्टर से कशिश अग्रवाल और संचित अग्रवाल ने किया।
छात्रों ने सांसदों, मंत्रियों और समिति के सदस्यों की भूमिका निभाई। छात्रों को पांच राजनीतिक दलों और छह संसदीय समितियों में विभाजित किया गया। उन्होंने स्पीकर, उप-स्पीकर और प्रधानमंत्री का चुनाव किया और गठबंधन बनाकर सरकार बनाई।
संसदीय सत्र में वास्तविक संसद की कार्यप्रणाली को दर्शाया गया। कशिश अग्रवाल ने बताया कि अंतिम दिन छह विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रक्षा, विकास आदि शामिल हैं।
दो दिन तक छात्र प्रतिनिधियों ने शून्यकाल, प्रश्नकाल, विवाद और बहस, सरकार गठन, और अंत में छह प्रस्तावित विधेयकों की प्रस्तुति के माध्यम से युवा कानपुर की आवाज को उजागर किया जाएगा। रचित अग्रवाल, साक्षी महाना, तुषार अग्रवाल, सिद्धार्थ गौरी, यश अग्रवाल, पलक, शुभम भरतिया, मयंक गर्ग और राशि गुप्ता आदि मौजूद रहे।